World Lung Day: हर साल 25 सितंबर को World Lung Day यानी विश्व फेफड़ा दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को फेफड़ों की सेहत और सांस से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जाता है। प्रदूषण, धूम्रपान और खराब इनडोर एयर क्वालिटी फेफड़ों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में लगातार बंद AC कमरे में रहने वालों के लिए वेंटिलेशन पर ध्यान देना जरूरी है।
AC सीधे फेफड़ों को नहीं पहुंचाता नुकसान
मेडिसिन विभाग, दिल्ली के GTB Hospital के डॉक्टर अजीत कुमार के मुताबिक, AC खुद सीधे फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाता। समस्या तब हो सकती है जब AC वाले कमरे में ताजी हवा का पर्याप्त आवागमन न हो।
लंबे समय तक कम वेंटिलेशन वाले कमरे में रहने पर धूल, धुआं, एलर्जी पैदा करने वाले कण और दूसरे प्रदूषक अंदर जमा हो सकते हैं। इससे कमरे की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
खांसी और सांस लेने में हो सकती है परेशानी
खराब इनडोर एयर क्वालिटी का असर कुछ लोगों में ज्यादा दिखाई दे सकता है। ऐसे लोगों को खांसी, गले में जलन, सांस लेने में परेशानी या एलर्जी जैसी शिकायतें हो सकती हैं। पहले से सांस संबंधी समस्या या एलर्जी वाले लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।
इसलिए सिर्फ कमरे को ठंडा रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि हवा की गुणवत्ता का भी ध्यान रखना जरूरी है।
AC फिल्टर और वेंटिलेशन का रखें ध्यान
अगर कमरे में लंबे समय तक AC चलता है तो उसके फिल्टर की नियमित सफाई जरूरी है। गंदे फिल्टर में धूल और दूसरे कण जमा हो सकते हैं। इसके अलावा कमरे में उचित वेंटिलेशन बनाए रखना भी जरूरी है, ताकि हवा लंबे समय तक बंद न रहे।
सीलन और फफूंदी को न करें नजरअंदाज
World Lung Day पर फेफड़ों की सेहत को लेकर एक और महत्वपूर्ण बात कमरे की नमी और फफूंदी है। अगर AC वाले कमरे में सीलन या फफूंदी दिखाई दे रही है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ज्यादा नमी और फफूंदी कुछ लोगों में एलर्जी और सांस संबंधी लक्षणों को बढ़ा सकती है।
World Lung Day पर फेफड़ों की सेहत का रखें ख्याल
फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए प्रदूषण और धुएं से बचाव के साथ घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए। AC का इस्तेमाल करते समय कमरे में उचित वेंटिलेशन, साफ फिल्टर और नियंत्रित नमी बनाए रखना बेहतर है। सांस लेने में लगातार परेशानी, सीने में दर्द या लंबे समय तक खांसी जैसे लक्षण हों तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

