Gurgaon news:गुड़गांव जैसे महंगे शहर में रहने का खर्च कितना हो सकता है? इसका अंदाजा एक वर्किंग कपल के वायरल बजट से लगाया जा सकता है। 30 प्लस उम्र के मोहित और ज्योत्सना ने सोशल मीडिया पर अगस्त महीने के अपने खर्च का पूरा हिसाब शेयर किया। कपल के मुताबिक, दो लोगों का घरेलू खर्च करीब 1.2 लाख रुपये महीने है। इस बजट में किराया, राशन, पेट के खर्च से लेकर वीकेंड आउटिंग और डिजिटल सब्सक्रिप्शन तक शामिल हैं।
3 BHK के किराए से लेकर राशन तक का खर्च
कपल के बजट में सबसे बड़ा खर्च उनके 3 BHK घर का है। इसके लिए वे हर महीने करीब 36 हजार रुपये किराया और मेंटेनेंस के तौर पर देते हैं। इसके अलावा घर की सफाई, खाना बनाने और किचन से जुड़े कामों के लिए मेड को 6 हजार रुपये दिए जाते हैं।
घर के राशन और जरूरी सामान पर हर महीने करीब 25 हजार रुपये खर्च होते हैं। वहीं उनके पालतू कुत्ते के खाने और सप्लीमेंट्स पर करीब 3 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। यानी घर से जुड़े जरूरी खर्चों का बड़ा हिस्सा इन मदों में चला जाता है।
वीकेंड आउटिंग और फूड डिलीवरी पर भी खर्च
कपल अपने लाइफस्टाइल में आउटिंग के लिए भी अलग बजट रखते हैं। वीकेंड पर बाहर खाना और कैफे में कॉफी पीने पर करीब 15 हजार रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा फूड डिलीवरी के लिए 3 हजार रुपये का बजट है।
कपल के पास अपनी कार नहीं है। ऑफिस आने-जाने की सुविधा मिलने की वजह से उनका यह खर्च बच जाता है। हालांकि दिल्ली और गुड़गांव में घूमने के लिए कैब और बाइक के पेट्रोल पर करीब 5 हजार रुपये खर्च होते हैं।
मोबाइल, OTT और ग्रूमिंग का भी है बजट
डिजिटल खर्चों की बात करें तो WiFi और मोबाइल बिल पर करीब 3,500 रुपये खर्च होते हैं। वहीं OTT और म्यूजिक सब्सक्रिप्शन के लिए 2 हजार रुपये अलग रखे गए हैं।
पर्सनल केयर और ग्रूमिंग पर करीब 5 हजार रुपये खर्च होते हैं, जबकि घर-परिवार से जुड़े अन्य वेलनेस खर्चों के लिए 10 हजार रुपये का बजट है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने पूछे मजेदार सवाल
कपल ने बताया कि उनके 1.2 लाख रुपये के मासिक खर्च में निवेश और सेविंग्स के बाद होने वाले निजी खर्च शामिल नहीं हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके बजट पर खूब प्रतिक्रियाएं दीं।
लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी 36 हजार रुपये में 3 BHK और 6 हजार रुपये में मेड मिलने पर हुई। कुछ यूजर्स ने पूछा कि आखिर इतना अच्छा फ्लैट और मेड उन्हें कहां मिली। वहीं कुछ लोगों ने कपल के बजट मैनेजमेंट की तारीफ भी की।

