Asian Games 2026: मीराबाई चानू का एशियन गेम्स में मेडल जीतने का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। भारत की स्टार वेटलिफ्टर ने 23 सितंबर 2026 को 49 किलो वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने कुल 198 किलो वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की। इस स्पर्धा में गोल्ड मेडल उत्तर कोरिया की खिलाड़ी ने जीता।
यह मेडल मीराबाई के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि एशियन गेम्स में पदक जीतना उनके करियर के अधूरे सपनों में शामिल था। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद उन्होंने एशियन गेम्स में भी मेडल जीतने का लक्ष्य रखा था। आखिरकार जापान में उन्होंने अपने इस लक्ष्य को पूरा कर लिया।
स्नैच में शानदार शुरुआत
मीराबाई ने स्नैच राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआत से ही मेडल की उम्मीद जगा दी थी। उन्होंने पहले प्रयास में 83 किलो वजन उठाया। इसके बाद दूसरे प्रयास में 85 किलो और तीसरे प्रयास में 87 किलो वजन उठाकर अपना स्नैच राउंड पूरा किया।
इसके बाद क्लीन एंड जर्क में भी उन्होंने पूरा दम लगाया। मीराबाई ने 111 किलो वजन उठाया और कुल 198 किलो के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल पक्का कर लिया।
28 साल बाद मेडल
मीराबाई की इस उपलब्धि के साथ भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए भी लंबा इंतजार खत्म हुआ है। एशियन गेम्स में भारत ने 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में मेडल जीता है। इससे पहले 1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने भारत को इस खेल में पदक दिलाया था।
अब मीराबाई ने एशियन गेम्स में सिल्वर जीतकर भारतीय वेटलिफ्टिंग के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
पहले भी चूका था मौका
मीराबाई ने 2014 में पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था, लेकिन उस समय वह पदक नहीं जीत सकीं। 2018 में चोट के कारण उन्हें प्रतियोगिता से बाहर रहना पड़ा। इसके बाद 2023 के एशियन गेम्स में वह चौथे स्थान पर रही थीं।
लगातार कोशिशों के बाद 23 सितंबर 2026 को आखिरकार वह दिन आया, जब मीराबाई ने एशियन गेम्स का अपना पहला मेडल जीत लिया।
शानदार रहा है करियर
एशियन गेम्स का सिल्वर मीराबाई चानू के शानदार करियर में एक और बड़ी उपलब्धि है। वह ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे बड़े मंचों पर भारत के लिए मेडल जीत चुकी हैं।
उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उनके नाम कई पदक हैं। ग्लास्गो में उन्होंने सिल्वर जीता, जबकि गोल्ड कोस्ट और बर्मिंघम में गोल्ड मेडल हासिल किया। अब एशियन गेम्स का सिल्वर भी उनके पदकों की सूची में शामिल हो गया है।

