Mumbai News: अगर आप ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं और EatClub के अलग-अलग ब्रांड्स से फूड मंगवाते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित EatClub Brands Private Limited की एक फैसिलिटी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई 2 सितंबर से लागू हुई है। जांच के दौरान किचन और फूड स्टोरेज एरिया में साफ-सफाई समेत कई गंभीर कमियां सामने आईं।
किचन में साफ-सफाई से लेकर कीट नियंत्रण तक कई खामियां
महाराष्ट्र FDA की जांच रॉयल पाम्स फैसिलिटी में हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, यहां खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्टोरेज, हाइजीन और कीट नियंत्रण से जुड़े जरूरी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था।
जांच में खाद्य सामग्री, पैकेजिंग और केमिकल्स के लिए पर्याप्त स्टोरेज व्यवस्था नहीं मिली। इसके अलावा हाथ धोने की उचित सुविधा, किचन में पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था को लेकर भी कमियां पाई गईं।
सबसे गंभीर बात यह रही कि परिसर में कीटों को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान चूहों और गंदगी से जुड़ी चिंताएं भी सामने आईं।
कर्मचारियों की सुरक्षा और ट्रेनिंग पर भी उठे सवाल
FDA की जांच में कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड में भी कमियां मिलीं। कर्मचारियों की ट्रेनिंग और मेडिकल जांच के रिकॉर्ड पूरी तरह संतोषजनक नहीं थे। खाना तैयार करने वाले स्टाफ के पास एप्रन, ग्लव्स, कैप और शू कवर जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं पाए गए।
इसके अलावा ग्राहकों की शिकायतों को संभालने की उचित व्यवस्था और जरूरी तकनीकी कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे।
लाइसेंस में शामिल नहीं थे कुछ प्रोडक्ट
FDA के अनुसार, जांच के दौरान फैसिलिटी में आइसक्रीम और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स भी बेचे जा रहे थे, जबकि ये उत्पाद संबंधित फूड लाइसेंस में शामिल नहीं थे। इन सभी कमियों को देखते हुए संबंधित परिसर का लाइसेंस सस्पेंड किया गया।
क्या सभी EatClub ब्रांड्स पर लगा है बैन?
यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। कार्रवाई पूरे EatClub नेटवर्क पर नहीं, बल्कि गोरेगांव ईस्ट की रॉयल पाम्स फैसिलिटी से संबंधित है। इसलिए इसका मतलब यह नहीं है कि EatClub के सभी ब्रांड्स या सभी आउटलेट्स बंद कर दिए गए हैं।
EatClub के पोर्टफोलियो में Box8, Mojo Pizza, ZAZA Mughal Biryani, Itminaan Matka Biryani, LeanCrust, NH1 Bowls और WeFit जैसे कई ब्रांड शामिल हैं। ऐसे में ऑनलाइन ऑर्डर करने से पहले संबंधित आउटलेट की मौजूदा स्थिति जरूर जांचना बेहतर रहेगा।

