spot_img
शनिवार, नवम्बर 7, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

न ऑफिस जाने की टेंशन, न बॉस की डांट, बस सोकर महिला ने कमा लिए 9.6 लाख रुपये

Viral News: आमतौर पर लोग दिन-रात मेहनत करके पैसे कमाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सोकर भी लाखों रुपये जीते जा सकते हैं? मुंबई की जिनिया चटर्जी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने 60 दिनों तक चली एक अनोखी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और 9.6 लाख रुपये का इनाम जीत लिया। इतना ही नहीं, उन्हें कंपनी की ओर से छुट्टियां मनाने का मौका भी मिला। खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए देशभर से 2 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था।

2 लाख लोगों में से चुने गए सिर्फ 10 लोग

मुंबई की जिनिया चटर्जी ने वेकफिट (Wakefit) की ओर से आयोजित ‘स्लीप इंटर्नशिप’ जीतकर ‘इंडियाज स्लीप चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता के लिए 2 लाख से ज्यादा आवेदन आए थे। कई दौर की जांच और बातचीत के बाद सिर्फ 10 लोगों को चुना गया।

इन सभी प्रतिभागियों को 60 दिनों तक अपनी नींद का खास ध्यान रखना था। उन्हें रोज एक तय समय पर सोना और उठना था, साथ ही अच्छी नींद लेने की कोशिश करनी थी। हर दिन उनकी नींद का रिकॉर्ड रखा जाता था। इसी के आधार पर उन्हें अंक मिलते थे और उनकी रैंकिंग तय होती थी।

सिर्फ सोना नहीं था, पूरे करने थे मजेदार टास्क

इस प्रतियोगिता में सोने के साथ-साथ कई मजेदार काम भी करने थे। इनमें पहला था ‘स्लीप सिनेमा’। इसके तहत प्रतिभागियों को फिल्मों के मशहूर दृश्यों को नींद से जोड़कर अपने अंदाज में पेश करना था।

वहीं, ‘स्लीप बिंगो’ में उन्हें पूरे हफ्ते अपनी सोने की आदतों पर ध्यान देना था। एक और दिलचस्प टास्क ‘अंडरकवर स्लीप मिशन’ था। इसमें बिना किसी को शक हुए बातचीत के दौरान 10 बार ‘ब्लैंकेट’ या ‘पिलो’ जैसे शब्द बोलने थे। हर हफ्ते सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को ‘प्रो स्लीपर ऑफ द वीक’ का खिताब मिलता था।

चार प्रतिभागियों के बीच हुआ आखिरी मुकाबला

दो महीने की प्रतियोगिता के बाद जिनिया चटर्जी, रत्नागिरी मणिकंदन और महक खोट शीर्ष तीन में शामिल रहे। वहीं, हैदराबाद के करीम खान को भी फाइनल में जगह मिली। उन्होंने हर हफ्ते होने वाले रचनात्मक टास्क में शानदार प्रदर्शन किया था। इस तरह चार प्रतिभागियों के बीच आखिरी मुकाबला हुआ।

फिनाले में मिली दो बड़ी चुनौतियां

प्रतियोगिता का आखिरी दौर ‘बिग बेड’ नाम से आयोजित किया गया। इसमें दो खास मुकाबले हुए। पहले ‘मेमोरी फोम चैलेंज’ में प्रतिभागियों को एक तस्वीर देखकर वैसा ही बेडरूम तैयार करना था। इस टास्क में उनकी याददाश्त और बारीकी से चीजें देखने की क्षमता परखी गई।

दूसरा मुकाबला ‘स्लीप ऑक्शन’ था। इसमें प्रतिभागियों को तकिए, कंबल, एसी, रोशनी और संगीत जैसी सुविधाओं के लिए बोली लगानी थी। इसके बाद सभी ने अपने लिए तैयार किए गए कमरे में एक रात बिताई।

आखिर में नींद के प्रदर्शन के आधार पर जिनिया चटर्जी को विजेता घोषित किया गया। उन्हें 9.6 लाख रुपये के साथ वेकफिट की ओर से छुट्टियां मनाने का पैकेज भी मिला। इस तरह 60 दिनों तक चली यह अनोखी प्रतियोगिता जिनिया के लिए बड़ी जीत और यादगार अनुभव बन गई।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts