Latur School Controversy: महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा इलाके में एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे समेत पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
स्कूल के शिक्षकों की शिकायत पर औसा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि इन लोगों ने बिना अनुमति कक्षाओं में प्रवेश किया, विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए और उनकी तस्वीरें खींचीं। इस दौरान शिक्षकों के साथ बहस होने की भी बात सामने आई है।
20 अगस्त को स्कूल पहुंचे थे CJP के लोग
शिक्षकों की शिकायत के मुताबिक, 20 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ कुछ अन्य लोग स्कूल परिसर में पहुंचे।
आरोप है कि वे सीधे कक्षाओं में चले गए और वहां पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से अलग-अलग सवाल पूछने लगे। शिकायत में कहा गया है कि यह लोग करीब डेढ़ से दो घंटे तक स्कूल में मौजूद रहे।
शिक्षकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन से अनुमति लिए बिना कक्षाओं में प्रवेश किया गया और विद्यार्थियों की तस्वीरें भी खींची गईं।
दूसरे स्कूल के छात्रों को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि स्कूल में दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को बैठाए जाने के मुद्दे को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बात को लेकर शिक्षकों और स्कूल पहुंचे लोगों के बीच तीखी बहस हुई।
शिकायत में शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि बहस के दौरान उनके खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, निलंबित कराने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
शिक्षकों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से स्कूल का सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ और विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी बाधा पहुंची।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिक्षकों की शिकायत के आधार पर औसा पुलिस ने अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल अभिजीत दिपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष सामने आने के बाद विवाद से जुड़ी पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

