spot_img
रविवार, अगस्त 23, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Mumbai Accident: मुंबई में गणेश उत्सव की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा,गणेश मूर्ति गिरने से 2 की मौत और 5 घायल

Mumbai Ganesh Idol Accident: मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा आगमन समारोह के दौरान अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच और सात साल की दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।

आगमन समारोह के दौरान हुआ हादसा

हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ। यहां गणेश प्रतिमा को आगमन समारोह के तहत लाया जा रहा था। इसी दौरान प्रतिमा अचानक गिर गई और आसपास मौजूद कुछ लोग उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहतकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दो लोगों की मौत, पांच घायल

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), कुणाल काशिद (26), लावण्या गनेर (5) और दिव्या गनेर (7) शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

गणेशोत्सव के आगमन जुलूस में जुटती है भारी भीड़

मुंबई और महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने के लिए बड़े-बड़े आगमन जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

ढोल-ताशों और जयकारों के बीच होने वाले इन आयोजनों में भारी भीड़ रहती है। भुलेश्वर में हुआ हादसा भी ऐसे ही एक आगमन समारोह के दौरान हुआ, जिसने त्योहार की तैयारियों के बीच पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।

हादसे की जांच जारी

घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने इलाके को संभाल लिया और राहत कार्य जारी रखा। ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और यातायात को नियंत्रित किया, जबकि नगर निगम और एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

फिलहाल हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में मुंबई में कई गणेश उत्सव और जुलूस होने हैं, ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts