Bundelkhand Expressway पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। झांसी के मोहम्मद जमाल उर्फ राजू अपने परिवार के साथ बरेली में सकलैन मियां हुजूर की दरगाह पर दुआ मांगने और उर्स में शामिल होने जा रहे थे। परिवार के लोग दो कारों से रवाना हुए थे, लेकिन एक कार हादसे का शिकार हो गई।
तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी
हादसा औरैया-इटावा सीमा के अछल्दा थाना क्षेत्र में हुआ। बताया गया कि सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार का चालक संभल नहीं सका और कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे लोगों ने रुककर राहत कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112, अछल्दा थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहम्मद जमाल उर्फ राजू और उनकी बड़ी बहन शकीला बानो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जमाल की बेटी व शकीला की बहू रेहाना और रिश्तेदार मोहम्मद फिरोज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
8 साल की बच्ची की हालत गंभीर
हादसे में रेहाना की आठ वर्षीय बेटी ताहिरा भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे आगे के इलाज के लिए झांसी ले जाया जा रहा है।
परिवार में पसरा मातम
मोहम्मद जमाल समाजसेवा से जुड़े होने के साथ रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते थे। हादसे की खबर मिलते ही झांसी के सलीम का बाग और आसपास का इलाका शोक में डूब गया। परिवार के लोगों के मुताबिक, छह भाइयों में से एक की पहले ही मौत हो चुकी थी और अब जमाल के निधन से परिवार पर एक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

