Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश मारे गए। घटना शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई, जब इटावा एसओजी को सूचना मिली कि लूट के मामले में फरार बदमाश संबलपुर एक्सप्रेस से भाग रहे हैं। पुलिस ने ट्रेन की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
दो सिपाहियों को लगी गोली
अचानक हुई गोलीबारी में एसओजी के सिपाही डेविड चौहान के पेट में गोली लगी, जबकि दूसरे सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी के कंधे में गोली लगी। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डेविड की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया, जबकि पुष्पेंद्र का इलाज फिरोजाबाद में चल रहा है।
बदमाशों ने बच्चे को बनाया ढाल
फायरिंग के बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस के अनुसार, भागते समय बदमाशों ने एक बच्चे को पकड़कर ढाल बनाने की कोशिश की और पुलिस को पीछे हटने की धमकी दी। कुछ दूरी पर बच्चे को छोड़कर उन्होंने एक राहगीर से बाइक छीनी और फरार होने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने कई थानों की फोर्स के साथ उनकी घेराबंदी कर पीछा शुरू किया।
दो अलग-अलग जगहों पर मारे गए बदमाश
एडीजी एस.के. भगत के मुताबिक, पहला बदमाश चरी के खेत में छिपकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। दूसरा आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर भागा, लेकिन दूसरी घेराबंदी के दौरान वह भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। दोनों बदमाश इटावा में 3 जुलाई को डॉक्टर से हुई लूट की वारदात में वांछित बताए जा रहे थे।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

