spot_img
गुरूवार, जुलाई 2, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद में बर्थडे पार्टी के बहाने युवक की हत्या, दोस्तों पर चाकू से गोदकर मारने का आरोप

Ghaziabad Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांतिनगर में रहने वाले 22 वर्षीय मोहित की कथित तौर पर उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले से साजिश रचकर मोहित को जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया और फिर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रात में पार्टी के दौरान हुआ हमला

परिजनों के अनुसार, बीती रात मोहित को उसके दोस्त जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने मोहित पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रात करीब 2:30 बजे गंभीर रूप से घायल मोहित की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने बताया पहले से रची गई साजिश

मृतक के परिवार का कहना है कि यह हत्या अचानक हुए झगड़े का परिणाम नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी। उनका आरोप है कि करीब 20 दिन पहले भी मोहित का आरोपियों से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और सभी साथ में खाटू श्याम और हरिद्वार भी गए थे।

परिजनों का दावा है कि उसी दौरान मोहित की हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन तब आरोपी सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर उसे बुलाया और वारदात को अंजाम दिया।

तीन आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना के बाद क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर हत्या के कारण और पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका थी या नहीं।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts