spot_img
Sunday, May 24, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Noida Heatwave: बढ़ती गर्मी में मटकों की डिमांड बढ़ी, क्यों लोग फ्रिज छोड़ मिट्टी का ठंडा पानी कर रहें पसंद

Demand for Clay Pots Rises in Summer: नोएडा में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज तापमान के बीच मिट्टी के बर्तनों की मांग अचानक बढ़ गई है। शहर के कई सेक्टरों और सड़क किनारे लगी दुकानों पर इन दिनों मटके खरीदने वालों की भीड़ दिखाई दे रही है। सेक्टर-62, सेक्टर-18, बरौला, भंगेल और सलारपुर जैसे इलाकों में लोग बड़ी संख्या में मिट्टी के मटके खरीद रहे हैं। अब कई लोग फ्रिज के बर्फ जैसे ठंडे पानी की जगह मटके का प्राकृतिक ठंडा पानी पीना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

मटके का पानी लोगों को आ रहा पसंद

लोगों का कहना है कि फ्रिज का ज्यादा ठंडा पानी कई बार गला खराब कर देता है, जबकि मिट्टी के मटके का पानी शरीर को सामान्य ठंडक देता है। इसका स्वाद भी बेहतर लगता है और यह सेहत के लिए ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ मटकों की बिक्री में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां एक दुकान पर दिनभर में 10 से 15 मटके बिकते थे, वहीं अब रोज 35 से 50 मटके आसानी से बिक रहे हैं।

बड़े मटकों की ज्यादा मांग

मिट्टी के बर्तन बेचने वाले अंकित प्रजापति ने बताया कि इस बार बड़े आकार के मटकों की मांग सबसे ज्यादा है। साथ ही मिट्टी की बोतलें भी लोग खूब खरीद रहे हैं। हालांकि इस बार मिट्टी, मजदूरी और ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ने से कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल जो बड़ा मटका करीब 150 रुपये में बिकता था, उसकी कीमत अब 220 से 250 रुपये तक पहुंच गई है।

मिट्टी के दूसरे सामान भी पसंद

दुकानों पर सिर्फ मटके ही नहीं, बल्कि सुराही, गुल्लक, मिट्टी की बोतल और पौधों के गमले भी बिक रहे हैं। कई लोग अब पर्यावरण को ध्यान में रखकर भी मिट्टी के सामान खरीद रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि पहले लोग सिर्फ जरूरत के लिए मटका खरीदते थे, लेकिन अब सेहत और प्राकृतिक चीजों की तरफ लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।

मिट्टी के मटके के फायदे

मिट्टी के मटके का पानी लंबे समय तक ठंडा रहता है। इसमें किसी तरह का केमिकल नहीं होता, इसलिए यह शरीर के लिए सुरक्षित माना जाता है। मिट्टी में मौजूद छोटे-छोटे छिद्र पानी को प्राकृतिक तरीके से ठंडा करते हैं और उसका स्वाद भी बेहतर बना देते हैं। डॉक्टर भी मानते हैं कि मटके का पानी फ्रिज के बेहद ठंडे पानी की तुलना में गले और पाचन के लिए बेहतर होता है।

मिट्टी के बर्तनों की कीमत

छोटा मटका 80 से 120 रुपये तक बिक रहा है।
बड़ा मटका 220 से 250 रुपये तक मिल रहा है।
मिट्टी का चूल्हा 250 से 400 रुपये तक उपलब्ध है।
वहीं मिट्टी की बोतल 300 से 600 रुपये तक बेची जा रही है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts