Pratapgarh House Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सिटी कोतवाली क्षेत्र के महोली इलाके में स्थित लगभग 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
एसी वाले कमरे में सो रहा था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, प्रमोद श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ महोली नहर के पास रहते थे। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर हो गया था। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य एसी लगे एक कमरे में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे अचानक मकान की छत और दीवारें ढह गईं, जिससे सभी सात लोग मलबे में दब गए।
छह लोगों की मौत, एक घायल
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मलबे से प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी, बेटे, बहू और दो बच्चों को निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। वहीं 28 वर्षीय अमन श्रीवास्तव को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रशासन ने शुरू किया राहत अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सिटी सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर था। लगातार बारिश के चलते उसकी संरचना कमजोर हो गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायल का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

