Road Accident: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के जंघई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भूलेंद्र जयसिंहपुर गांव के सामने गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।
पंखा बनवाने गए थे, लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के भंडा गांव निवासी दिनेश कुमार गौतम (22) अपने चाचा पिंटू के साथ जंघई बाजार पंखा बनवाने गया था। दोनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे भूलेंद्र जयसिंहपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दिनेश हवा में उछलकर सड़क पर गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए।
10 दिन पहले ही सूरत से लौटा था दिनेश
परिवार के अनुसार, दिनेश सूरत में एक प्राइवेट नौकरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही घर छुट्टी पर आया था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और उसका एक साल का बच्चा अब पिता के साए से वंचित हो गया है।
घायल पिंटू को पुलिस ने तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के अनुसार, अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन की पहचान के लिए आसपास के CCTV कैमरों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अंधेरा बना हादसे की बड़ी वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर सड़क पर उचित रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

