Lucknow Agra Expressway: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरियाणा से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंचने के बाद सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी और पलट गई, जबकि कार करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए।
तड़के चार बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के 230.800 माइल स्टोन के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। बिहार नंबर की स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और गोरखपुर से मथुरा जा रही अर्टिगा कार से टकरा गई। हादसे के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे गिरकर पलट गई।
पांच लोगों की मौत, कई घायल
हादसे में कार में सवार नौ लोगों में से पांच की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिव्या (13 वर्ष), अमृता (5 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और कार चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। कार में सवार चार अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आईं। कुल 12 लोग घायल बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही बांगरमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह?
सीएचसी बांगरमऊ के डॉक्टर सुनील राठौर ने बताया कि अस्पताल लाए गए 17 लोगों में से पांच की मौत हो चुकी थी। पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार किया गया।
बस में सफर कर रही यात्री पूनम देवी ने बताया कि हादसे से पहले बस अचानक असामान्य तरीके से हिलने लगी थी। कुछ ही देर बाद बस पलट गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित हुई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

