spot_img
गुरूवार, अगस्त 13, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Himachal Pradesh: सिरमौर में मकान गिरने मां और गर्भवती बेटी की मौत; दो बच्चियां घायल

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बुधवार को जमीन धंसने के कारण एक मकान अचानक जमींदोज हो गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद मां और मायके आई गर्भवती बेटी की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं दो बच्चियां घायल हुई हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पलभर में ढह गया पूरा मकान

हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि सड़क से एक कार मकान के सामने से गुजरती है और अचानक पूरा घर नीचे की ओर गिर जाता है। मकान गिरने की तेज आवाज के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ते हैं।

स्थानीय युवाओं ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और 32 वर्षीय पूजा पत्नी अमित राणा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो बच्चियां भी घायल

हादसे में डेढ़ वर्षीय ईरा और डेढ़ वर्षीय अबियाना भी घायल हुई हैं। ईरा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए सोलन रेफर किया गया है। वहीं अबियाना का राजगढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उत्तरकाशी में भी भू-धंसाव से बढ़ी चिंता

इसी बीच उत्तराखंड के उत्तरकाशी के सौली गांव में भी जमीन धंसने से कई मकानों में दरारें आने की खबर है। प्रशासन ने असुरक्षित मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बारिश होने की स्थिति में अन्य मकानों में भी दरारें बढ़ने की आशंका जताई गई है।

भूवैज्ञानिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। शुरुआती तौर पर बारिश का पानी जमीन में रिसने से भू-धंसाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। क्षेत्र में चीड़ के पेड़ों के ढाल की दिशा में झुकने की बात भी सामने आई है।

ग्रामीणों का दावा है कि एनएच कटान के बाद इलाके में भू-धंसाव शुरू हुआ। भूवैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर अति संवेदनशील परिवारों के विस्थापन को लेकर फैसला लिया जाएगा और विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts