Auto News: कल्पना कीजिए कि आप किसी ऐसे इलाके में हैं जहां न इंटरनेट काम कर रहा है और न ही मोबाइल नेटवर्क सही से मिल रहा है। इसके बावजूद आप अपने फोन पर लाइव टीवी देख पा रहे हैं। सुनने में यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लग सकता है, लेकिन भारत अब इसे हकीकत में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
क्या है D2M फोन की खासियत?
खुशटेक कोरिया (Khush Tech Korea) नाम की कंपनी ने दावा किया है कि उसने दुनिया का पहला D2M फीचर फोन विकसित किया है। फोन को कोरिया में डिजाइन किया गया है, जबकि इसका निर्माण भारत में किया जा रहा है।
इस डिवाइस में एक खास एंटीना दिया गया है, जिसे बाहर निकालकर टीवी सिग्नल रिसीव किए जा सकते हैं। यही वजह है कि यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी लाइव टीवी और फ्री-टू-एयर चैनल्स का आनंद ले सकेंगे।
फोन के स्पेसिफिकेशंस
D2M फीचर फोन 2G और 4G LTE नेटवर्क को सपोर्ट करता है, हालांकि इसमें फिलहाल 5G सपोर्ट नहीं दिया गया है। फोन में ड्यूल नैनो सिम स्लॉट मौजूद हैं।
डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 2.4 इंच का QVGA TFT स्क्रीन दिया गया है, जिसका रेजॉल्यूशन 320×240 पिक्सल है। फोन का फ्रंट ग्लास से बना है, जबकि फ्रेम और बैक पैनल प्लास्टिक का है। इसका वजन लगभग 220 ग्राम बताया गया है।
एंड्रॉयड नहीं, ThreadX पर चलता है फोन
यह फोन पारंपरिक एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम नहीं करता। इसमें ThreadX ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। प्रोसेसिंग के लिए UNISOC UMS9117-L 107 चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है।
कैमरा और बैटरी
फोन के पीछे 0.3 मेगापिक्सल का कैमरा और फ्लैशलाइट दी गई है। इसके अलावा 0.8W का मोनो स्पीकर और 3.5mm हेडफोन जैक भी मौजूद है।
पावर के लिए इसमें 1800mAh की बैटरी दी गई है, जो सामान्य इस्तेमाल में पूरे दिन का बैकअप देने का दावा करती है।
आखिर क्या है D2M टेक्नोलॉजी?
D2M यानी Direct-to-Mobile एक ऐसी तकनीक है, जो मोबाइल फोन तक सीधे ब्रॉडकास्ट सिग्नल पहुंचाती है। इसके लिए इंटरनेट, ब्रॉडबैंड या मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं पड़ती।
बिना इंटरनेट कैसे चलेगा Live TV?
D2M फोन में ATSC 3.0 रिसीवर लगा होता है, जो सीधे प्रसारित होने वाले टीवी सिग्नलों को पकड़ता है। ब्रॉडकास्टर्स रेडियो तरंगों के जरिए वीडियो कंटेंट भेजते हैं और फोन का रिसीवर उन्हें डिकोड करके स्क्रीन पर दिखाता है।यानी जिस तरह टीवी एंटीना के जरिए चैनल्स चलते हैं, उसी तरह यह फोन भी लाइव टीवी का अनुभव देगा, लेकिन जेब में रखे एक छोटे मोबाइल डिवाइस पर।भारत में विकसित हो रही यह तकनीक भविष्य में डिजिटल कंटेंट की पहुंच को पूरी तरह बदल सकती है और करोड़ों लोगों को बिना डेटा खर्च किए मनोरंजन और जानकारी उपलब्ध करा सकती है।

