Chandigarh Airport News:चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक यात्री के बैग से दो ऐसी चीजें बरामद कीं, जिन्हें देखकर पहली नजर में कोई भी धोखा खा सकता था। बैग में रखा पेन देखने में बिल्कुल सामान्य था, लेकिन उसके अंदर एक धारदार चाकू छिपा हुआ था। वहीं, चश्मे जैसी दिखाई देने वाली दूसरी चीज असल में एक तेज धार वाली कैंची निकली।
बैग की स्क्रीनिंग में CISF को हुआ शक
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में यात्रियों के बैगेज की स्क्रीनिंग की जा रही थी। इसी दौरान सीआईएसएफ के एक स्क्रीनर की नजर एक बैग में रखे पेन और चश्मे जैसी दिखने वाली वस्तु पर पड़ी। एक्स-रे स्क्रीनिंग में दोनों चीजें सामान्य नहीं लगीं।
सुरक्षा कर्मियों ने बिना देरी किए बैग को फिजिकल चेकिंग के लिए अलग कर दिया। इसके बाद संबंधित यात्री को बुलाकर उसकी मौजूदगी में बैग की जांच की गई।
पेन का कैप हटाते ही निकला धारदार चाकू
बैग खुलने के बाद सबसे पहले एक पेन बरामद हुआ। बाहर से देखने पर वह बिल्कुल सामान्य पेन जैसा लग रहा था। लेकिन जैसे ही उसका कैप हटाया गया, उसके अंदर एक खास तरीके से डिजाइन किया गया नुकीला चाकू मिला।
इसके बाद बैग से चश्मे जैसी दिखाई देने वाली एक दूसरी वस्तु भी निकाली गई। जांच में पता चला कि वह कोई चश्मा नहीं, बल्कि धारदार कैंची थी।दोनों वस्तुएं विमानन सुरक्षा नियमों के तहत प्रतिबंधित थीं। ऐसे में सीआईएसएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री के बैग को फ्लाइट से ऑफलोड कर दिया।
यात्री नहीं दे सका संतोषजनक जवाब
पूछताछ के दौरान यात्री इन दोनों वस्तुओं को अपने साथ विमान में ले जाने की वजह स्पष्ट नहीं कर सका। फिलहाल एयरपोर्ट पुलिस और सीआईएसएफ की टीम उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यात्री इन वस्तुओं को किस उद्देश्य से फ्लाइट में ले जाना चाहता था।
सीआईएसएफ ने इस मामले की जानकारी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) समेत संबंधित एजेंसियों को भी भेज दी है।
नवी मुंबई एयरपोर्ट का भी हुआ सुरक्षा ऑडिट
इस बीच, सीआईएसएफ के आईजी एसआर सरवनन ने नवी मुंबई एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का वार्षिक ऑडिट किया। उन्होंने एयरपोर्ट की ऑपरेशनल तैयारियों, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया।और जवानों को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार, सुरक्षा प्रक्रियाओं, साइबर जागरूकता और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।C
चंडीगढ़ एयरपोर्ट की यह घटना बताती है कि हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा जांच कितनी महत्वपूर्ण है। छोटी से छोटी संदिग्ध वस्तु भी बड़ी सुरक्षा चिंता बन सकती है।

