Salman Khan NEET Protest: NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन को कई बॉलीवुड हस्तियों का समर्थन मिल रहा है। इसी बीच बुधवार को अभिनेता सलमान खान ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबी पोस्ट साझा कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
‘पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है’
सलमान खान ने अपने स्कूल के दिनों की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है। उन्होंने बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए छात्रों की सराहना की और प्रदर्शन के दौरान उनका साथ देने वाले अभिभावकों का भी आभार जताया।
उन्होंने लिखा, “यह आंदोलन शुरुआत में पूरी तरह शांतिपूर्ण था। दुख की बात है कि बाद में इसमें हिंसा हुई। जो छात्र और उनके परिवार इस दौरान घायल हुए, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। पेपर लीक एक बहुत गंभीर समस्या है और मुझे खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं।”
शिक्षा को राजनीति से दूर रखने की अपील
सलमान खान ने कहा कि यह मुद्दा केवल छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक इस आंदोलन का श्रेय केवल उन छात्रों को मिलना चाहिए जिन्होंने ईमानदारी और मेहनत से अपने भविष्य के लिए आवाज उठाई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भी छात्रों का साथ देगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को ऐसा शिक्षा केंद्र बनना चाहिए, जहां दुनिया भर से छात्र पढ़ने आएं।
फैंस ने की जमकर तारीफ
सलमान खान की पोस्ट पर फैंस ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने उन्हें “रियल दबंग” और “फियरलेस भाई” बताते हुए उनके समर्थन की सराहना की। वहीं कुछ प्रशंसकों ने लिखा कि जब कई लोग इस मुद्दे पर चुप थे, तब सलमान खान ने खुलकर अपनी राय रखी।

