Sangareddy School Bus Accident: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के सदाशिवपेट कस्बे में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। सिद्धापुर इलाके में दो साल का इफ्रायिम अपने बड़े भाई के स्कूल से लौटने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही स्कूल बस घर के पास पहुंची, वह भाई से मिलने की खुशी में बस की ओर दौड़ पड़ा।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह बस के नीचे आ गया। ड्राइवर को बच्चे के सामने आने की जानकारी नहीं हो सकी और बस आगे बढ़ गई। उसका पिछला पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
इफ्रायिम के पिता जोसफ स्थानीय प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा टाइटस स्थानीय जीनियस स्कूल में यूकेजी में पढ़ता है। रोज की तरह वह स्कूल बस से घर लौटा था, लेकिन इस बार उसका छोटा भाई उसे लेने की खुशी में घर से बाहर निकल आया।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां मैनिक (मौनीका) का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्चे को कुछ देर पहले तक परिवार अपने बड़े भाई के स्वागत के लिए उत्साहित देख रहा था, उसकी अचानक मौत से पूरे इलाके में मातम है।
चालक की लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए स्कूल बस चालक की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि चालक ने हेडफोन लगा रखा था और गाने सुनते हुए बस चला रहा था। बस के साथ मौजूद सहायक की उम्र और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। लोगों का कहना है कि स्कूल बस से बच्चों को उतारते समय ड्राइवर और सहायक को आसपास विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही सदाशिवपेट पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

