Raja Raghuvanshi Murder Case twist: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। इस मामले की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सोनम बेल मिलने के बाद नेपाल भाग गई हैं, लेकिन अब उन्होंने सामने आकर इन सभी दावों को गलत बताया है।
नेपाल भागने की खबरों को बताया झूठ
एक मीडिया बातचीत में सोनम रघुवंशी ने कहा कि उनके बारे में गलत जानकारी फैलाई जा रही है और लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह नेपाल नहीं गई हैं और फिलहाल शिलॉन्ग में ही रह रही हैं।
सोनम के मुताबिक, उनका मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है और वह कानून के दायरे में रहते हुए अपनी जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से वह अपने रहने की सही जगह सार्वजनिक नहीं कर सकतीं।
कोर्ट की हर शर्त का कर रही हैं पालन
सोनम ने दावा किया कि उन्होंने हमेशा न्याय व्यवस्था का सम्मान किया है और आगे भी कोर्ट की हर प्रक्रिया में सहयोग करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनके मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका शिलॉन्ग छोड़ने या इंदौर वापस आने का कोई इरादा नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके निजी खर्चों और रहने की व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं क्योंकि यह उनका निजी मामला है।
वकील पर लगे आरोपों का भी दिया गया जवाब
इस मामले में राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम के वकील सुदीप राणा पर नेपाल भागने में मदद करने का आरोप लगाया था। इस पर वकील सुदीप राणा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
उन्होंने कहा कि सिर्फ नेपाली मूल का होने की वजह से उनके नेपाल से संबंध जोड़ना गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका जन्म और पढ़ाई-लिखाई शिलॉन्ग में ही हुई है और उनका नेपाल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सोनम कोर्ट की सुनवाई के लिए शिलॉन्ग में मौजूद थीं, जिससे साफ है कि वे कहीं बाहर नहीं गए।
राजा रघुवंशी हत्या मामला कैसे सामने आया?
राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए। 23 मई को दोनों अचानक लापता हो गए और बाद में 3 जून को राजा का शव मेघालय की एक गहरी खाई से बरामद किया गया।
सीबीआई जांच की मांग तेज
मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह एक संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामला है, जिसमें दो राज्यों से जुड़े पहलू शामिल हैं। इसलिए निष्पक्ष जांच और पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।

