Bollywood News: प्रीति जिंटा और देओल परिवार के बीच पुरानी दोस्ती और शानदार बॉन्डिंग रही है। प्रीति ने सनी देओल और बॉबी देओल दोनों के साथ फिल्मों में काम किया है। हाल ही में उन्होंने एक पुराना मजेदार किस्सा शेयर किया, जब बॉबी को रात में फोन करना उन्हें भारी पड़ गया था।
प्रीति ने यह किस्सा अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में सुनाया। वह सनी देओल और आमिर खान के साथ अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंची थीं। बातचीत के दौरान जब उनसे सनी और बॉबी की पर्सनैलिटी के फर्क के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बॉबी के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया।
रात 10:30-11 बजे किया था फोन
प्रीति ने बताया कि वह बॉबी को काफी लंबे समय से जानती हैं। फिल्मों में डेब्यू करने से पहले भी दोनों दोस्त थे। एक बार वह अपने दोस्तों के साथ बाहर थीं और उन्होंने बॉबी को फोन किया कि वे लोग वहां आ रहे हैं।
उस दौर में मोबाइल फोन आज की तरह आम नहीं थे, इसलिए प्रीति ने लैंडलाइन पर कॉल किया। लेकिन फोन बॉबी ने नहीं, बल्कि सनी देओल ने उठाया। प्रीति को अंदाजा नहीं था कि फोन उठाने वाले सनी होंगे।
प्रीति ने बताया कि उन्होंने पूछा, “क्या मैं बॉबी से बात कर सकती हूं?” इस पर सनी ने रात के समय फोन करने को लेकर उन्हें डांट दिया। उस समय करीब 10:30 से 11 बज रहे थे। सनी ने सवाल किया कि क्या यह किसी के घर फोन करने का समय है?
सनी के सामने नर्वस हो जाती थीं प्रीति
इस घटना को याद करते हुए प्रीति ने बताया कि वह उस समय सनी के सामने काफी नर्वस हो जाती थीं। इसलिए उन्होंने डर के मारे फोन ही रख दिया। हालांकि, कुछ फिल्मों में साथ काम करने के बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती और सहजता हो गई।
बॉबी को लेकर काफी सख्त थे सनी
सनी देओल ने भी इस घटना की वजह बताई। उन्होंने कहा कि उस समय घर में रात 8 बजे के बाद बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। रात में बॉबी के बाहर जाने को लेकर वह काफी सख्त रहते थे।
सनी ने बताया कि वह बॉबी को अपने बेटे की तरह मानते थे, इसलिए उनकी चिंता और सख्ती स्वाभाविक थी। प्रीति ने यह भी बताया कि इसी दौर में बॉबी की मुलाकात तान्या से हुई थी और दोनों ने 1996 में शादी कर ली।
प्रीति और बॉबी ने ‘सोल्जर’ और ‘झूम बराबर झूम’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। वहीं प्रीति और सनी की जोड़ी ‘द हीरो’, ‘फर्ज’ और ‘भैयाजी सुपरहिट’ में नजर आ चुकी है।

