Swara Bhasker Health: बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के डेंगू से संक्रमित होने की खबर सामने आई है। अभिनेत्री ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी हेल्थ अपडेट शेयर की है। उन्होंने बताया कि डेंगू होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल से शेयर की तस्वीर
स्वरा भास्कर ने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने अपनी तबीयत की जानकारी देते हुए लिखा, ‘अरे, ये तो बहुत तेज़ी से हुआ। डेंगू हो गया और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा!’
स्वरा की पोस्ट सामने आने के बाद उनके फैंस और चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हालांकि, अभिनेत्री ने अपनी तबीयत या इलाज को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
हाल ही में टीवी शो में आई थीं नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा भास्कर को हाल ही में टीवी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में पति फहाद अहमद के साथ देखा गया था। फिलहाल उनके किसी नए फिल्म प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर स्वरा काफी सक्रिय रहती हैं और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय भी साझा करती हैं।
अविका गौर भी डेंगू के कारण अस्पताल में
स्वरा भास्कर से पहले ‘बालिका वधू’ फेम अविका गौर की तबीयत भी खराब होने की खबर सामने आई थी। उनके पति मिलिंद चांदवानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि अविका को कई दिनों से तेज बुखार था।
मिलिंद के मुताबिक, अविका का तापमान करीब 103 से 104 डिग्री फॉरेनहाइट तक पहुंच गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने के बावजूद अविका ने अपनी शूटिंग पूरी करने की कोशिश की और प्रोजेक्ट के बचे हुए दो दिन का काम भी पूरा किया।
बारिश में डेंगू से बचाव जरूरी
बारिश के मौसम में घर और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुका हुआ पानी मच्छरों के पनपने की प्रमुख वजह बन सकता है। मच्छरदानी, रिपेलेंट और पूरी बांह के कपड़ों का इस्तेमाल भी बचाव में मदद कर सकता है। तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

