SpiceJet Flight Delay: हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए समय की अहमियत किसी से छिपी नहीं है। लोग ट्रेन या बस के मुकाबले फ्लाइट इसलिए चुनते हैं, ताकि कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। इसके लिए वे टिकट पर ज्यादा पैसे खर्च करने से भी पीछे नहीं हटते। लेकिन जब घंटों इंतजार के बाद भी फ्लाइट उड़ान न भरे, तो यात्रियों की परेशानी बढ़ना लाजमी है। ऐसा ही एक मामला स्पाइसजेट की फ्लाइट में सामने आया है, जहां देरी से परेशान यात्रियों को विमान से उतरकर टरमैक पर बैठना और लेटना पड़ा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विजय लक्ष्मी मल्ल्या नाम की महिला अपनी परेशानी बताते हुए नजर आ रही हैं। उन्होंने एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें एक दिन हवाई जहाज के नीचे इस तरह लेटना पड़ेगा।
बार-बार बदला फ्लाइट का समय, फिर भी नहीं भरी उड़ान
महिला के मुताबिक, उनकी फ्लाइट का निर्धारित समय शाम 5:55 बजे था। हालांकि, उड़ान के समय में कई बार बदलाव किया गया। बाद में यात्रियों को विमान के अंदर बैठा भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद फ्लाइट रवाना नहीं हुई।
लगातार इंतजार करने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। महिला ने अपने वीडियो में बताया कि आखिरकार उन्हें विमान से बाहर निकलकर टरमैक पर समय बिताना पड़ा। उनके वीडियो में दूसरे यात्री भी विमान के आसपास बैठे और लेटे दिखाई दे रहे हैं।
महिला ने वीडियो बनाकर दिखाई यात्रियों की हालत
विजय लक्ष्मी ने सोशल मीडिया पर एक नहीं, बल्कि कई वीडियो साझा किए। इनमें वह अपनी परेशानी के साथ दूसरे यात्रियों की स्थिति भी दिखाती नजर आ रही हैं।
वीडियो की शुरुआत में वह कहती हैं कि उन्होंने जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि उन्हें हवाई जहाज के नीचे इस तरह लेटना पड़ेगा। इसके बाद वह आसपास बैठे और लेटे यात्रियों को दिखाती हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्पाइसजेट की फ्लाइट मैनेजमेंट व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने एयरलाइन को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों ने यात्रियों की परेशानी पर चिंता जताई, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में स्पाइसजेट पर तंज कसा।
एक यूजर ने एयरलाइन की तुलना हावड़ा लोकल से कर दी। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि वह रोज प्रार्थना करते हैं कि यह एयरलाइन एक दिन दिवालिया न हो जाए। एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा कि स्पाइसजेट कभी निराश नहीं करती।
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर यात्रियों की परेशानी चर्चा में है। हालांकि, फ्लाइट में देरी की आधिकारिक वजह और एयरलाइन की ओर से इस घटना पर विस्तृत प्रतिक्रिया की जानकारी सामने आना बाकी है।

