spot_img
सोमवार, नवम्बर 2, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Tusshar Kapoor से मांगी गई 5 करोड़ की रंगदारी, क्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने की है इतनी रक़म की मांग?

Tusshar Kapoor Extortion Threat: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी भरा कॉल आया है। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और अभिनेता से जल्द रकम का इंतजाम करने को कहा। धमकी मिलने के बाद तुषार ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को कॉल करने वाले की पहचान पर संदेह है।

हैरी बॉक्सर बनकर मांगे 5 करोड़ रुपये

समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार कपूर को एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था।

धमकी मिलने के बाद अभिनेता ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।

आवाज का सैंपल नहीं हुआ मैच, फर्जी कॉल का शक

मुंबई क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी वाले ऑडियो की जांच की। पुलिस ने रिकॉर्डिंग में मौजूद आवाज की तुलना हैरी बॉक्सर के उपलब्ध आधिकारिक ऑडियो सैंपल से की। शुरुआती जांच में दोनों आवाजों का मिलान नहीं हुआ।

इसके बाद पुलिस को शक है कि किसी शरारती तत्व ने डर पैदा करने और रंगदारी वसूलने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया हो। फिलहाल पुलिस ऑडियो भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायत मिलने के बावजूद अभी इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई है।

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद फिर चर्चा में गैंग का नाम

तुषार कपूर को मिली धमकी ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ समय पहले मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना हुई थी। उस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे। हालांकि, तुषार कपूर को मिली धमकी में गैंग की वास्तविक भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

गोलमाल 5 में नजर आएंगे तुषार कपूर

वर्कफ्रंट की बात करें तो तुषार कपूर जल्द ही रोहित शेट्टी की कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह एक बार फिर अपने चर्चित किरदार लकी के रूप में नजर आएंगे।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts