Elon Musk First Trillionaire: दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में शामिल Elon Musk ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। स्पेसएक्स की रिकॉर्ड लिस्टिंग के बाद उनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। इसी के साथ मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं। लेकिन यह सफलता सिर्फ एक कंपनी की वजह से नहीं मिली, बल्कि कई अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए उनके निवेश और बिजनेस विस्तार का नतीजा है।
स्पेसएक्स ने बदली किस्मत
मस्क की सबसे बड़ी सफलता उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX मानी जाती है। साल 2002 में शुरू हुई यह कंपनी आज रॉकेट लॉन्चिंग से लेकर सैटेलाइट इंटरनेट सेवा तक कई क्षेत्रों में काम कर रही है।
स्पेसएक्स के तहत चलने वाली Starlink दुनिया के कई देशों में इंटरनेट पहुंचा रही है। हाल ही में कंपनी का मूल्यांकन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जिससे मस्क की संपत्ति में जबरदस्त उछाल आया।
टेस्ला ने दिलाई वैश्विक पहचान
अगर एलन मस्क को दुनिया भर में पहचान दिलाने वाली किसी कंपनी का नाम लिया जाए, तो वह है Tesla। मस्क ने इलेक्ट्रिक कारों को आम लोगों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
हालांकि अब चीनी कंपनी BYD बिक्री के मामले में आगे निकल चुकी है, लेकिन टेस्ला अब भी दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटोमोबाइल कंपनियों में गिनी जाती है। मस्क का फोकस अब रोबोटिक्स और सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी टेक्नोलॉजी पर है।
एआई और सोशल मीडिया में भी बड़ा दांव
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को खरीदने के बाद अपनी एआई कंपनी xAI की शुरुआत की। फिलहाल ये कंपनियां बड़े मुनाफे में नहीं हैं, लेकिन मस्क इन्हें भविष्य की तकनीकी क्रांति का हिस्सा मानते हैं।
उनका मानना है कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हर उद्योग को बदल देगी और उनकी कंपनियां इस बदलाव का नेतृत्व करेंगी।
इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने की तैयारी
मस्क की कंपनी Neuralink ऐसी तकनीक विकसित कर रही है, जिससे इंसानी दिमाग और कंप्यूटर के बीच सीधा संपर्क स्थापित किया जा सके।
यह तकनीक फिलहाल गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर परीक्षण के दौर में है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में यह मेडिकल साइंस की तस्वीर बदल सकती है।
जमीन के नीचे बनाना चाहते हैं नई दुनिया
मस्क की एक और कंपनी The Boring Company भूमिगत परिवहन नेटवर्क तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक की समस्या को कम करना और तेज़ यात्रा को संभव बनाना है।
छोटे स्टार्टअप से ट्रिलियन डॉलर तक का सफर
एलन मस्क ने अपने करियर की शुरुआत Zip2 और PayPal जैसे स्टार्टअप्स से की थी। इन कंपनियों से मिली पूंजी को उन्होंने बड़े सपनों में निवेश किया। आज अंतरिक्ष, इलेक्ट्रिक वाहन, एआई, सोशल मीडिया, न्यूरोटेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कई क्षेत्रों में फैला उनका कारोबार उन्हें दुनिया का पहला ट्रिलियनेयर बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

