Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मेंस जैवलिन थ्रो इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फैंस का दिल जीत लिया। भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह तीनों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां पदक की बड़ी उम्मीद की जा रही है।
नीरज ने आसानी से बनाई फाइनल में जगह
पूर्व ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने अपने अभियान की शुरुआत 76.28 मीटर के थ्रो से की। दूसरे प्रयास में उन्होंने 79.61 मीटर का शानदार थ्रो किया, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास रहा। इसी प्रदर्शन के दम पर वह क्वालिफाइंग राउंड में पांचवें स्थान पर रहे और आराम से फाइनल में पहुंच गए।हालांकि 84 मीटर का ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क कोई भी खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका, लेकिन टॉप-12 खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बना ली।
रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी दिखाया दम
भारत के रोहित यादव ने 78.37 मीटर और यशवीर सिंह ने 78.36 मीटर का थ्रो किया। दोनों खिलाड़ियों ने क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर रहते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। तीन भारतीय खिलाड़ियों का एक साथ फाइनल में पहुंचना भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कौन रहा क्वालिफाइंग राउंड में सबसे आगे?
क्वालिफाइंग राउंड में श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे 82.84 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे। उनके बाद ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स, दक्षिण अफ्रीका के डोव स्मिट और इंग्लैंड के बेन ईस्ट का नंबर रहा।वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम 78.63 मीटर के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
8 साल बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में वापसी
नीरज चोपड़ा 2018 के बाद पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेल रहे हैं। 2018 गोल्ड कोस्ट गेम्स में उन्होंने 86.47 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता था। चोट की वजह से वे 2022 संस्करण में हिस्सा नहीं ले पाए थे, लेकिन इस बार शानदार वापसी करते हुए उन्होंने फाइनल में जगह बना ली।
90 मीटर पार करने वाले इकलौते भारतीय
नीरज चोपड़ा भारत के पहले और अब तक के इकलौते जैवलिन थ्रोअर हैं जिन्होंने 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने 2025 दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। टोक्यो ओलंपिक 2020, वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 और एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड जीतने वाले नीरज से इस बार भी देश को स्वर्ण पदक की बड़ी उम्मीद है।

