spot_img
गुरूवार, अगस्त 6, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

शादी का वादा, शारीरिक संबंध और फिर इनकार,लखनऊ में युवती ने दर्ज कराया मामला

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मड़ियांव थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि जब वह गर्भवती हुई और उसने शादी की बात की, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उस पर गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया गया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह साल पहले हुई थी पहचान

पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात करीब छह साल पहले जानकीपुरम निवासी अतुल कुमार रावत से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का भरोसा दिया। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। बाद में जब वह लगभग 15 सप्ताह की गर्भवती हुई और शादी की बात की, तब आरोपी अपने वादे से मुकर गया।

गर्भपात का दबाव और धमकी देने का आरोप

युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने के साथ-साथ आरोपी ने गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों ने भी गर्भपात कराने और पैसों का लालच देकर मामला खत्म करने की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि उसे और उसके परिवार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

पुलिस ने दर्ज की FIR

मड़ियांव पुलिस के मुताबिक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी

इसी बीच लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीतापुर रोड स्थित दूध मंडी के पीछे से पकड़ा गया। मेडिकल और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts