Gurgaon Household Budget: दिल्ली-एनसीआर जैसे टियर-1 शहरों में रहना बाहर से जितना आकर्षक लगता है, अंदर से उतना ही खर्चीला है। गुड़गांव में रहने वाले एक कपल का हालिया वायरल वीडियो इसी हकीकत को दिखाता है। उन्होंने अपने महीने के खर्च का पूरा हिसाब सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए कि आखिर 70–80 हजार रुपये भी कम क्यों लगने लगते हैं।
2BHK फ्लैट का किराया ही बड़ा झटका
इस कपल का सबसे बड़ा खर्च उनका घर है। गुरुग्राम में 2BHK सेमी-फर्निश्ड फ्लैट का किराया ही करीब 37,000 रुपये प्रति माह है, जिसमें मेंटेनेंस भी शामिल है। यानी कमाई का बड़ा हिस्सा सिर्फ छत के नीचे रहने में ही चला जाता है। रोजमर्रा के खर्च भी कम नहीं है।घर चलाने के छोटे-छोटे खर्च मिलकर भी बड़ा बिल बना देते हैं। मेड का खर्च लगभग 2,500 रुपये है। महीने भर की ग्रोसरी 10,000 से 15,000 रुपये तक पहुंच जाती है। कार के पेट्रोल पर 6,000 से 8,000 रुपये खर्च हो जाते हैं। बिजली, इंटरनेट और एलपीजी जैसे जरूरी बिल भी जोड़ लें तो खर्च लगातार बढ़ता ही जाता है।
लाइफस्टाइल भी बढ़ा देती है बजट
सिर्फ जरूरी खर्च ही नहीं, लाइफस्टाइल भी जेब पर असर डालती है। कभी ऑनलाइन शॉपिंग तो कभी बाहर खाना-पीना, इन पर भी 10,000 रुपये तक आसानी से निकल जाते हैं। कुछ घरेलू उपकरण किराए पर लेने से भी हर महीने अतिरिक्त खर्च जुड़ जाता है।
आखिर कुल खर्च कितना बैठता है?
सब कुछ जोड़कर देखें तो इस कपल का मासिक खर्च करीब 75,000 से 80,000 रुपये तक पहुंच जाता है। इनमें से ज्यादातर खर्च फिक्स हैं, जिन्हें चाहकर भी कम करना आसान नहीं होता।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर खूब प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने कहा कि गुरुग्राम में यह बिल्कुल सामान्य बात है। कुछ ने तो मजाक में लिखा कि यहां तो घर से बाहर निकलते ही पैसे खर्च होना शुरू हो जाते हैं।

