Auto News: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एक बार फिर हलचल मचने वाली है। एथर एनर्जी अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर EL01 पर काम कर रही है, जिसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में इसका टेस्ट मॉडल बेंगलुरु की होसुर रोड पर देखा गया, जिससे इसके लॉन्च को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
पूरी तरह बदला हुआ डिजाइन
यह स्कूटर कंपनी के बिल्कुल नए EL प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। यह प्लेटफॉर्म पुराने मॉडल्स जैसे Ather 450 और Rizta से अलग है। इसे मॉड्यूलर और स्केलेबल तरीके से बनाया गया है, ताकि एक ही बेस पर कई अलग-अलग स्कूटर मॉडल तैयार किए जा सकें।इसमें नया पावरट्रेन, अपग्रेडेड सॉफ्टवेयर और बेहतर हार्डवेयर शामिल होंगे। इसका फायदा यह होगा कि स्कूटर की मेंटेनेंस आसान होगी और सर्विसिंग समय भी कम लगेगा। इसका प्रोडक्शन महाराष्ट्र के संभाजी नगर प्लांट में किया जाएगा।
फैमिली के लिए आरामदायक डिजाइन
EL01 को खास तौर पर फैमिली यूज को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। इसमें बड़ा और फ्लैट फ्लोरबोर्ड मिलेगा जिससे बैठने में आराम रहेगा। अंडर-सीट स्टोरेज भी काफी बड़ा होगा, जिसमें दो हेलमेट आसानी से रखे जा सकेंगे।इसके अलावा इसमें 14-इंच के बड़े व्हील्स और फुल LED लाइटिंग सिस्टम दिया जाएगा। सबसे खास फीचर इसका इनबिल्ट चार्जिंग सिस्टम है, जिसमें चार्जिंग केबल को स्कूटर के अंदर ही स्टोर किया जा सकेगा।
स्मार्ट फीचर्स और वॉयस कंट्रोल
इस स्कूटर में नया AtherStack 7.0 सॉफ्टवेयर मिलने की उम्मीद है। इसमें वॉयस कमांड फीचर होगा, जो भारतीय भाषाओं और अलग-अलग बोलियों को भी समझ सकेगा।साथ ही इसमें क्रैश अलर्ट, गड्ढा पहचानने की तकनीक (पॉथोल डिटेक्शन), और सुरक्षा के लिए ParkSafe व LockSafe जैसे फीचर्स भी हो सकते हैं। Infinite Cruise सिस्टम अलग-अलग राइडिंग कंडीशंस के अनुसार अपने आप एडजस्ट हो सकता है।
सिर्फ 10 मिनट में फास्ट चार्जिंग
इस नए प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी फास्ट चार्जिंग है। कंपनी का दावा है कि सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में लगभग 30 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है।बैटरी ऑप्शन भी काफी फ्लेक्सिबल होगा, जिसमें 2 kWh से 5 kWh तक के पैक शामिल होंगे। इससे अलग-अलग बजट और जरूरत के हिसाब से वेरिएंट लॉन्च किए जा सकेंगे।









