spot_img
Monday, April 27, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

गर्मियों में ठंडक नहीं, नुकसान दे सकते हैं ये ड्रिंक, हो सकता है डिहाइड्रेशन, जानें किनसे बचना जरूरी

Summer Dehydration Drinks: गर्मियों में तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग ठंडे-ठंडे ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं। लेकिन हर ठंडी चीज शरीर के लिए फायदेमंद हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार हम जो ड्रिंक्स प्यास बुझाने के लिए पीते हैं, वही शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन बढ़ाने लगते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ मीठे और ठंडे पेय शरीर को राहत देने के बजाय नुकसान पहुंचा सकते हैं।डिहाइड्रेशन बढ़ाने वाले 5 आम ड्रिंक्स इनसे गर्मियों में बचना चाहिए।

पैकेज्ड जूस और मीठे शेक

गर्मियों में फ्रिज में पैकेज्ड जूस रखना आम बात है, लेकिन इनमें मौजूद अधिक चीनी और प्रिजर्वेटिव्स शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। ज्यादा शुगर ब्लड में ग्लूकोज लेवल बढ़ाती है, जिससे शरीर कोशिकाओं से पानी खींचने लगता है। इससे अंदरूनी रूप से शरीर सूखने लगता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।

एनर्जी और स्पोर्ट्स ड्रिंक्स

ये ड्रिंक्स तुरंत एनर्जी देने का दावा करते हैं, लेकिन इनमें भी शुगर, आर्टिफिशियल फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा ज्यादा होती है। ये तत्व शरीर में पानी की कमी पैदा कर सकते हैं और लंबे समय में सेहत पर असर डालते हैं।

कोल्ड ड्रिंक्स और सोडा

कार्बोनेटेड ड्रिंक्स गले को ठंडक देकर ताजगी का एहसास जरूर कराते हैं, लेकिन ये असली प्यास नहीं बुझाते। रिसर्च के मुताबिक, ऐसे ड्रिंक्स पीने के बाद लोगों को लगता है कि उन्होंने ज्यादा पानी पी लिया है, जबकि शरीर के सेल्स को अब भी पानी की जरूरत होती है। इससे धीरे-धीरे डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है।

चाय और कॉफी

चाय और कॉफी में कैफीन होता है, जो बार-बार पेशाब आने की वजह बनता है। इससे शरीर से पानी तेजी से बाहर निकलता है और पानी की कमी हो सकती है। गर्मियों में इनका ज्यादा सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता है।

शराब और बीयर

गर्मी में ठंडी बीयर पीना कई लोगों को पसंद होता है, लेकिन इसमें मौजूद अल्कोहल शरीर में पानी संतुलन को बिगाड़ देता है। यह हार्मोनल प्रक्रिया को प्रभावित कर पेशाब की मात्रा बढ़ा देता है, जिससे शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है। इसके कारण सिरदर्द, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है।

कैसे रखें शरीर को हाइड्रेट?

गर्मियों में सही ड्रिंक्स का चुनाव बेहद जरूरी है। सादा पानी, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों का रस शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ हाइड्रेट भी रखते हैं। ये नेचुरल विकल्प शरीर के लिए ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद हैं। हर ठंडी चीज सेहत के लिए अच्छी नहीं होती। गर्मियों में सोच-समझकर ड्रिंक्स चुनना जरूरी है।

 

(Disclaimer- यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है. हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है. The Mid Post इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts