UAE Prime Minister: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का निधन हो गया है। सोमवार को शेख मोहम्मद ने उनके निधन की पुष्टि की। उनके निधन के बाद दुबई में 10 दिनों के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। फिलहाल उनकी मौत की वजह के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
UAE प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी जानकारी
UAE के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। बयान के मुताबिक, शेख अहमद सोमवार सुबह अपने प्रभु की शरण में चले गए। आधिकारिक बयान में उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है।
दुबई में 10 दिन का आधिकारिक शोक
शेख अहमद के निधन के बाद दुबई में 10 दिनों तक आधिकारिक शोक मनाया जाएगा। इस दौरान सरकारी संस्थानों और अन्य स्थानों पर UAE के झंडे झुके रहेंगे। शोक की यह अवधि सोमवार से लागू की गई है।
शेख मोहम्मद ने दी निजी श्रद्धांजलि
अपने छोटे भाई को श्रद्धांजलि देते हुए शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने उनके लिए दुआ की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेख अहमद को जन्नत में स्थान मिले और उनके परिवार तथा चाहने वालों को इस मुश्किल समय में सब्र और सुकून मिले।
निधन की वजह की जानकारी नहीं
शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन की पुष्टि आधिकारिक तौर पर कर दी गई है, लेकिन उनकी मौत की वजह अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। उनके निधन पर UAE और दुबई में शोक व्यक्त किया जा रहा है।

