Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। शहर के एमआईटीएस (MITS) कॉलेज की बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आखिरी ‘Bye’ मैसेज ने बढ़ाई चिंता
जानकारी के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले छात्रा ने अपनी एक सहेली को व्हाट्सएप पर सिर्फ “Bye” लिखकर संदेश भेजा था। इस मैसेज के बाद सहेली को अनहोनी की आशंका हुई। उसने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद सहेली ने तुरंत हॉस्टल वार्डन को सूचना दी। वार्डन जब कमरे तक पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से देखने पर छात्रा फंदे से लटकी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रीवा की रहने वाली थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय राधिका तोमर मूल रूप से रीवा की रहने वाली थीं। वह ग्वालियर स्थित एमआईटीएस कॉलेज में बीटेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थीं और हॉस्टल में रह रही थीं।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
सुसाइड नोट में मां से माफी, दोस्तों का जताया आभार
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मां और परिवार से माफी मांगी है। उन्होंने लिखा कि वह परिस्थितियों का सामना नहीं कर सकीं और किसी अन्य व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया।
नोट में उन्होंने अपनी तीन सहेलियों इशु, खुशी और अनुष्का का नाम लेते हुए उनका धन्यवाद किया। छात्रा ने लिखा कि इन दोस्तों ने उनकी बात सुनी और उन्हें समझने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने अपने नानू से भी माफी मांगी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
थाना प्रभारी के अनुसार, छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मोबाइल, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा

