Hardoi School Controversy: सोशल मीडिया पर इन दिनों हरदोई के एक निजी स्कूल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल और एक छात्रा की मां के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है। शुरुआत में वायरल क्लिप को देखकर लोगों में नाराज़गी बढ़ गई, क्योंकि इसमें प्रिंसिपल कथित तौर पर मां के साथ बदसलूकी करती नजर आ रही हैं। हालांकि, अब इस मामले में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रिंसिपल ने अपना पक्ष रखा है और पूरे विवाद को साजिश बताया है।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा था कि स्कूल की प्रिंसिपल एक बच्चे की मां पर इसलिए नाराज़ हो गईं क्योंकि उसने स्कूल से किताबें और नोटबुक खरीदने से इनकार कर दिया था। वीडियो में प्रिंसिपल गुस्से में दिखाई देती हैं और महिला को ‘ब्लडी फूल’, ‘गंवार’ और ‘शट अप’ जैसे शब्द कहती सुनाई देती हैं। इतना ही नहीं वह बच्चे का नाम स्कूल के रजिस्टर से हटाने की धमकी भी देती नजर आती हैं।
प्रिंसिपल ने रखा अपना पक्ष
विवाद बढ़ने के बाद सामने आए दूसरे वीडियो में प्रिंसिपल ने खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अधूरा है और उसमें केवल उनकी प्रतिक्रिया दिखाई गई है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले महिला ने क्या कहा या किया, यह जानबूझकर छिपा लिया गया है। प्रिंसिपल ने लोगों से अपील की कि किसी एक वीडियो के आधार पर पूरी सच्चाई का अंदाजा न लगाएं।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना हरदोई के एसपी तिराहे के पास स्थित एक निजी स्कूल की बताई जा रही है। छात्रा की मां का आरोप है कि स्कूल प्रशासन उन पर दबाव बना रहा था कि वे किताबें और कॉपियां केवल स्कूल से ही खरीदें। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो विवाद शुरू हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि मामला अपशब्दों और धमकियों तक पहुंच गया।
‘शट अप’ को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा
वायरल वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा वह है, जिसमें प्रिंसिपल एक मिनट के अंदर कई बार ‘यू शट अप’ कहती सुनाई देती हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 10 बार यह शब्द दोहराया। इस व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अभिभावक ने की शिकायत
पीड़ित मां का कहना है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, जबकि वे सिर्फ अपनी बात रखने गई थीं। उन्होंने इस मामले की शिकायत शिक्षा विभाग से की है और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले की जांच के बाद क्या कार्रवाई करता है और असल सच्चाई क्या सामने आती है।

