Weather Alert: देशभर में सक्रिय मानसून ने कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 22 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
आईएमडी ने 30 जुलाई को दिल्ली और एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राजस्थान और यूपी में मानसून होगा सक्रिय
राजस्थान में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में 30-31 जुलाई को पश्चिमी जिलों और 2 से 4 अगस्त के बीच पूर्वी जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कई जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार में भी बारिश का दौर तेज
बिहार में 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा रोकी गई
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक यात्रा टालने की अपील की है। राज्य के संवेदनशील इलाकों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।

