UP Weather: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से आंधी, तूफान और बारिश का जो दौर जारी था, वह अब समाप्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जिसके चलते तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। आने वाले दिनों में कई जिलों के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना कम है, लेकिन गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
30 से अधिक जिलों में चलेगी तेज हवा
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में तेज और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर झोंकों के दौरान इसकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी हो सकती है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी और आसपास के इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
कई जिलों में वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 से अधिक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की गर्जना के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
अधिकांश जिलों में 40 डिग्री से नीचे रहा तापमान
रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था।
वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उरई और प्रयागराज में 41.4 डिग्री, झांसी में 40.9 डिग्री और हमीरपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सप्ताह के अंत तक बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताह के अंत तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ेगा। बारिश की गतिविधियां कम होने और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विशेषज्ञों ने पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी है।

