Varanasi Crime:उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक कॉलेज शिक्षक पर अपनी ही छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को दिवाली की शॉपिंग कराने के बहाने बाजार बुलाया। वहां खरीदारी और खाना खाने के बाद वह उसे अपने किराए के कमरे पर ले गया, जहां कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छात्रा की मां की शिकायत पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
शॉपिंग के बहाने छात्रा को बुलाया
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता 20 वर्षीय छात्रा है और वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह आर्य महिला डिग्री कॉलेज में ग्रेजुएशन के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही है। आरोपी अभिषेक कुमार तिवारी की उम्र 40 साल बताई गई है। वह इसी कॉलेज में शिक्षक है और मूल रूप से भदोही का रहने वाला है। फिलहाल वह चेतगंज क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है।
आरोप है कि गुरुवार को शिक्षक ने छात्रा को फोन कर दिवाली की खरीदारी कराने के लिए बाजार बुलाया। इसके बाद छात्रा दोपहर करीब तीन बजे घर से निकली और स्मार्ट बाजार पहुंची।
बाजार से अपने कमरे पर ले गया आरोपी
बताया जा रहा है कि दोनों ने बाजार में कपड़े, घरेलू सामान और गिफ्ट आइटम खरीदे। इसके बाद बाहर खाना खाया। आरोप है कि फिर शिक्षक छात्रा को अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी उसे पास के एलायंस अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल में परिजनों को मिली जानकारी
अस्पताल में इलाज के बावजूद छात्रा की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों के कहने पर शिक्षक ने उसके परिजनों को फोन कर अस्पताल बुलाया। आरोप है कि शुरुआत में शिक्षक ने छात्रा को हादसे में चोट लगने की बात कही। हालांकि, डॉक्टरों ने उसकी मां को घटना की जानकारी दी।
बेटी की हालत देखकर मां ने अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। गंभीर हालत को देखते हुए छात्रा को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।

