spot_img
शुक्रवार, सितम्बर 18, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

दाल बाटी चूरमा की कहानी है बेहद दिलचस्प, युद्ध के मैदान से कैसे पहुंची राजस्थान की रसोई तक?

Dal Bati Churma Recipe: राजस्थान के खान-पान की चर्चा हो और दाल बाटी चूरमा का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। देसी घी में डूबी कुरकुरी बाटी, मसालेदार पंचमेल दाल और मीठा चूरमा मिलकर इस डिश को खास बनाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि दाल, बाटी और चूरमा की शुरुआत एक साथ नहीं हुई थी? इन तीनों के पीछे अलग-अलग दिलचस्प कहानियां जुड़ी हैं।

सैनिकों के काम आई बाटी

बाटी का इतिहास करीब आठवीं सदी से जोड़ा जाता है। उस दौर में युद्ध के दौरान सैनिकों को ऐसे भोजन की जरूरत होती थी, जिसे कम संसाधनों में आसानी से तैयार किया जा सके और जिससे उन्हें ऊर्जा भी मिले।

कहा जाता है कि सैनिक आटे की गोलियां बनाकर उन्हें गर्म रेत में दबा देते थे। दिनभर की तेज धूप से रेत गर्म हो जाती और इसी गर्मी में बाटी पक जाती थी। युद्ध से लौटने के बाद सैनिक इसे निकालकर छाछ या दही के साथ खाते थे।

पंचमेल दाल ने बढ़ाया स्वाद

बाटी के साथ परोसी जाने वाली पंचमेल दाल की खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली पांच दालें हैं। इसमें मूंग, चना, तूर, उड़द और मसूर जैसी दालों का इस्तेमाल किया जाता है। मसालों और घी के तड़के के साथ तैयार यह दाल बाटी के स्वाद को और बढ़ा देती है।

एक गलती से बनी चूरमा की कहानी

चूरमा को लेकर भी एक दिलचस्प कहानी सुनने को मिलती है। माना जाता है कि एक रसोइए से गलती से बाटी पर गन्ने का रस गिर गया। इससे बाटी का स्वाद मीठा और बनावट नरम हो गई। बाद में बाटी को ज्यादा समय तक नरम रखने के लिए इसमें गुड़ मिलाने की परंपरा शुरू हुई और धीरे-धीरे चूरमा का रूप सामने आया।

घर पर ऐसे बनाएं बाटी

बाटी बनाने के लिए 2 कप गेहूं का आटा, करीब ¼ कप घी, एक चुटकी बेकिंग सोडा और स्वादानुसार नमक लें। सभी चीजों को मिलाकर गुनगुने पानी से थोड़ा सख्त आटा गूंथें। 15 मिनट बाद छोटी लोइयां बनाकर धीमी आंच पर चारों तरफ से सेंक लें। तैयार बाटी को हल्का तोड़कर देसी घी में डुबो दें।

पंचमेल दाल बनाने का तरीका

पांचों दालों को बराबर मात्रा में लेकर धोएं और करीब 30 मिनट भिगो दें। इसके बाद हल्दी और नमक के साथ कुकर में पकाएं। कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, हींग, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन, टमाटर और मसाले भूनें। इसमें उबली दाल डालकर करीब 10 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।

मीठा चूरमा ऐसे करें तैयार

पकी हुई बाटी को अच्छी तरह पीस लें। इसमें गुड़ का बुरादा, इलायची पाउडर, घी और बारीक कटे काजू-बादाम मिलाएं। बस तैयार है स्वादिष्ट चूरमा। बाटी, पंचमेल दाल और चूरमा को एक साथ परोसकर आप घर पर ही राजस्थानी स्वाद का आनंद ले सकते हैं।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts