West Bengal News: आमतौर पर बच्चों के परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर माता-पिता उन्हें मिठाई, मोबाइल या साइकिल जैसे उपहार देते हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। यहां 9वीं कक्षा की हाफ ईयरली परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर एक पिता ने अपने बेटे को करीब 2.30 करोड़ रुपये की BMW कार गिफ्ट कर दी।यह मामला पूर्व बर्दवान जिले के गलसी इलाके का है। यहां रहने वाले कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने अपने बेटे मोहम्मद तलहा को यह महंगा तोहफा दिया है।
हैरानी की बात यह है कि यह 9वीं की मुख्य वार्षिक परीक्षा भी नहीं थी, बल्कि हाफ ईयरली परीक्षा थी। इसके बावजूद बेटे को इतना महंगा तोहफा मिलने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
नाबालिग बेटा नहीं चला सकता BMW कार
मोहम्मद तलहा को भले ही 2.30 करोड़ रुपये की BMW कार मिल गई हो, लेकिन वह फिलहाल इसे खुद नहीं चला सकता। इसकी वजह उसकी उम्र है। तलहा अभी नाबालिग है और भारत में निजी वाहन चलाने के लिए निर्धारित कानूनी उम्र पूरी करना जरूरी है।
ऐसे में कार मिलने के बावजूद उसे खुद ड्राइविंग करने की अनुमति नहीं है। हालांकि, महंगे गिफ्ट की खबर सामने आने के बाद आसपास के इलाकों में इस परिवार की काफी चर्चा हो रही है।
मुंबई में करते थे लाइटमैन का काम
बेटे को करोड़ों की BMW गिफ्ट करने वाले शम्सुद्दीन मिद्या की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। बताया जाता है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में लाइटमैन के रूप में की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2003 में शम्सुद्दीन काम की तलाश में मुंबई गए थे। वहां उन्होंने कई साल तक फिल्म इंडस्ट्री में लाइटमैन के तौर पर काम किया। इसके बाद वर्ष 2010 में वह अपने गांव लौट आए और चावल का कारोबार शुरू किया।
तीन चावल मिलों का कारोबार, विदेशों तक सप्लाई
रिपोर्ट के अनुसार, शम्सुद्दीन मिद्या की पूर्व बर्दवान जिले में तीन चावल मिलें हैं। उनका कारोबार अब केवल पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच चुका है।
बताया जाता है कि उनकी चावल मिलों से वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई जैसे देशों में भी चावल की सप्लाई की जाती है। कारोबार के लगातार विस्तार के चलते उन्होंने अच्छी आर्थिक सफलता हासिल की है।
पहले से मौजूद हैं कई लग्जरी कारें
शम्सुद्दीन मिद्या के पास पहले से ही कई महंगी गाड़ियां मौजूद हैं। इनमें रेंज रोवर, वोल्वो और महिंद्रा थार जैसी गाड़ियां शामिल हैं। अब बेटे को BMW M4 गिफ्ट करने के बाद उनके कार कलेक्शन में एक और लग्जरी कार जुड़ गई है।

