पटना के मनेर में तड़के हुई मुठभेड़
पहली मुठभेड़ पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुई। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
20 मिनट तक चली गोलियों की बौछार
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान अपराधियों की तरफ से 24 राउंड फायरिंग की गई, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड गोलियां चलाईं।
मारे गए आरोपियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पैक्स अध्यक्ष की हत्या से जुड़ा है मामला
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों पर मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल होने का आरोप था। 19 अक्टूबर को संजीत कुमार अपने दालान में बैठे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। इस हमले में उनकी मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हुए थे।
जांच में जेपी यादव पर हत्या की साजिश रचने और बबलू कुमार पर शूटर की भूमिका निभाने का आरोप सामने आया था।
भोजपुर में भी पुलिस और शूटर के बीच मुठभेड़
दूसरी कार्रवाई भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में धोबहां के पास हुई। यहां पुलिस ने पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में कथित रूप से शामिल शूटर पवन यादव को घेर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए पवन ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अब रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों घटनाओं के बाद बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।

