spot_img
Thursday, April 23, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

जबलपुर में अनोखी सोच की मिसाल: 125 साल पुराने पीपल के पेड़ पर बना इको-फ्रेंडली 4 मंजिला घर

Madhya Pradesh News: कहते हैं कि इंसान जहां पलता-बढ़ता है, उस जगह से उसका रिश्ता कभी खत्म नहीं होता। ऐसा ही कुछ मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहने वाले केशरवानी परिवार के साथ हुआ। जिस पीपल के पेड़ की छांव में परिवार के मुखिया ने अपना बचपन बिताया, उसी पेड़ को उन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखने का फैसला किया। जब घर बनाने की बात आई, तो इस पेड़ को काटने के बजाय उसके साथ ही घर बनाने का अनोखा विचार सामने आया।

27 साल पहले रखी गई थी नींव

इस खास घर की नींव आज से करीब 27 साल पहले रखी गई थी। स्वर्गीय डॉ. मोतीलाल केशरवानी ने इस घर का सपना देखा और उसे साकार करने की शुरुआत की। उनके परिवार वालों के अनुसार, जब निर्माण शुरू हुआ तो पेड़ बीच में होने के कारण कई मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने पेड़ को काटने से साफ इनकार कर दिया। बाद में पूरे परिवार ने मिलकर फैसला लिया कि घर पेड़ के चारों ओर ही बनाया जाएगा।

घर का हिस्सा है यह पेड़

आज यह पीपल का पेड़ केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य बन चुका है। घर के लोग इसकी देखभाल वैसे ही करते हैं जैसे किसी अपने की करते हैं। पेड़ की शाखाएं खिड़कियों और कमरों के बीच से गुजरती हैं, जिससे घर के हर हिस्से में हरियाली और ताजगी महसूस होती है।परिवार का मानना है कि यह पेड़ उन्हें प्राकृतिक रूप से शुद्ध हवा देता है। खास बात यह है कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी पीपल का पेड़ दिन और रात दोनों समय ऑक्सीजन देने के लिए जाना जाता है।

आध्यात्मिक महत्व भी है खास

इस घर की एक और विशेषता इसका आध्यात्मिक पहलू है। घर के नीचे एक छोटा सा मंदिर भी बनाया गया है, जहां आसपास के लोग पूजा करने आते हैं। मान्यता है कि पीपल के वृक्ष में देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए परिवार के सदस्य रोज इसकी पूजा करते हैं।

पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश

यह घर केवल एक रहने की जगह नहीं, बल्कि एक प्रेरणा है। यह दिखाता है कि अगर इच्छा हो तो विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाया जा सकता है। जहां लोग पेड़ों को काटकर घर बनाते हैं, वहीं केशरवानी परिवार ने पेड़ को बचाकर अपना आशियाना तैयार किया।परिवार का संदेश साफ है,तोड़ना आसान है, लेकिन बचाकर कुछ नया बनाना असली चुनौती है। यह घर उसी सोच का एक खूबसूरत उदाहरण है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts