spot_img
शुक्रवार, जुलाई 31, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

Bhiwandi Building Collapse: ठाणे में चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिरा, 9 की मौत, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है, क्योंकि आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं।

यह हादसा गुरुवार देर रात बालाजी नगर इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था।

पहले सुनाई दी चटकने की आवाज

अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे इमारत से तेज चटकने की आवाजें आने लगी थीं। स्थानीय लोगों ने खतरे को भांपते हुए कई परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ लोग अभी भी बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी रात करीब 11:30 बजे इमारत का ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर गिर गया।

नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया था। इसमें कुल 48 कमरे थे, जिनमें बड़ी संख्या में परिवार रहते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती

हादसे में बचने वाले दीपक कुमार यादव ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं नेहा सिंह ने बताया कि उनके पति घटना से कुछ मिनट पहले नीचे गए थे और तब से लापता हैं।

एक अन्य घायल संगीता प्रजापति ने कहा कि बिल्डिंग में दरार जैसी आवाज सुनते ही वह भागने लगीं, लेकिन उसी दौरान इमारत गिर गई। वहीं अभय कुमार यादव ने बताया कि बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर उन्हें भी पहली मंजिल से छलांग लगानी पड़ी, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही NDRF, SDRF, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और फंसे लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान पूरी सावधानी के साथ चलाया जा रहा है और सभी संभावित स्थानों की तलाशी ली जा रही है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts