spot_img
गुरूवार, सितम्बर 24, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

एटा डबल मर्डर से दहला इलाका, बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर; छोटे बेटे ने पुलिस को बताई पूरी कहानी

UP news:उत्तर प्रदेश के एटा से दिल दहला देने वाला डबल मर्डर का मामला सामने आया है। अवागढ़ कस्बे के यादव नगर में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और सास की हथौड़े से हत्या करने का आरोप है। घटना के दौरान घर में मौजूद उसके तीन बच्चों ने कथित तौर पर अपनी आंखों के सामने यह वारदात देखी। डर के कारण बच्चों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और बाद में पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

बच्चों ने कमरे में छिपकर बचाई जान

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार रात परिवार ने करीब आठ बजे साथ में खाना खाया था। इसके बाद आरोपी रुकुमपाल और उसके पिता सियाराम छत पर सोने चले गए, जबकि बच्चे कमरे में और रुकुमपाल की पत्नी प्रियंका अपनी मां कमला देवी के साथ बरामदे में सो रही थीं।

आरोप है कि रात करीब 12 बजे रुकुमपाल नीचे आया और उसने प्रियंका तथा कमला देवी के सिर पर हथौड़े से हमला किया। चीख सुनकर बच्चे बाहर आए तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद तीनों बच्चों ने डरकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

छोटे बेटे ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार

घटना के बाद प्रियंका का छोटा बेटा राहुल किसी तरह घर से बाहर निकल गया। वह पास के चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा और रोते हुए उनसे घर चलने की गुहार लगाई। बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां और नानी को मार दिया है।

पुलिसकर्मी तुरंत मामले की जानकारी अधिकारियों को देकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी कथित तौर पर फरार हो चुका था। बच्चों के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए हैं।

प्रॉपर्टी डीलर को लेकर था विवाद

पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर पति-पत्नी के बीच एक प्रॉपर्टी डीलर को लेकर विवाद की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस मृतका के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को समझा जा सके।

आरोपी की तलाश में चार टीमें

घटना के बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इनमें आरोपी का भाई भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी रुकुमपाल और उसके पिता सियाराम की तलाश कर रही है।

रुकुमपाल का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी हो रही है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस संदिग्धों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts