Reliance Industries इस महीने अपनी गुजरात स्थित Jamnagar Refinery की कुछ ऑयल रिफाइनरी यूनिट्स को निर्धारित समय के लिए बंद करने जा रही है। यह शटडाउन नियमित रखरखाव (मेंटेनेंस) का हिस्सा होगा और इसका उद्देश्य रिफाइनरी संचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव Sujata Sharma ने कहा कि रिफाइनरियों में शटडाउन और रीस्टार्ट की प्रक्रिया सामान्य औद्योगिक व्यवस्था का हिस्सा है। मंत्रालय यह सुनिश्चित करता है कि सभी रिफाइनरियों का मेंटनेंस एक साथ न हो, ताकि घरेलू ईंधन आपूर्ति पर असर न पड़े।
चार सप्ताह तक बंद रहेंगी यूनिट्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस अपनी 6,60,000 बैरल प्रतिदिन क्षमता वाली रिफाइनरी में एक क्रूड यूनिट और कुछ सेकेंडरी यूनिट्स को 3 से 4 सप्ताह के लिए बंद करेगी। यह शटडाउन इस महीने के मध्य या अंत तक शुरू हो सकता है।
रिफाइनरी में होने वाला यह मेंटनेंस पूरी तरह नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका मकसद तकनीकी जांच, सफाई और सिस्टम अपग्रेड करना होता है।
घरेलू सप्लाई पर नहीं पड़ेगा असर
सरकार ने साफ किया है कि घरेलू तेल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए शटडाउन को चरणबद्ध तरीके से प्लान किया गया है। फिलहाल Nayara Energy की गुजरात स्थित रिफाइनरी भी मेंटनेंस के कारण बंद है, लेकिन उसके मध्य मई तक फिर से शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद रिलायंस का शटडाउन शुरू किया जाएगा।
भारत की ऊर्जा व्यवस्था में अहम भूमिका
जामनगर स्थित रिलायंस का रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स दुनिया के सबसे बड़े रिफाइनिंग हब्स में गिना जाता है। यह घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात के लिए भी ईंधन तैयार करता है। ऐसे में इस तरह के मेंटनेंस शटडाउन को ऊर्जा आपूर्ति संतुलन के हिसाब से बेहद अहम माना जाता है।









