Aamir Khan Wedding: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। किरण राव और रीना दत्ता से अलग होने के बाद अब अभिनेता अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने जा रहे हैं। पिछले कुछ समय से दोनों की शादी को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं, जिन पर अब खुद आमिर खान ने मुहर लगा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी 5 जुलाई को शादी के बंधन में बंधेंगे। हालांकि यह शादी किसी बड़े समारोह या भव्य आयोजन की बजाय बेहद सादगी के साथ की जाएगी।
परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में होगी शादी
एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने अपने वेडिंग प्लान्स के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह और गौरी अपनी शादी को बेहद निजी और सरल रखना चाहते हैं।
आमिर ने कहा, “हम घर पर ही साधारण रजिस्टर मैरिज करेंगे। इस खास मौके पर सिर्फ परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हम दोनों चाहते हैं कि यह समारोह शांत और निजी रहे।”
अभिनेता का कहना है कि फिलहाल शादी उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी प्राथमिकता नहीं है, लेकिन उन्हें लगता है कि अब उनका रिश्ता अगले पड़ाव पर जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शादी के बाद फिर शुरू होगा फिल्मों का सफर
सूत्रों की मानें तो शादी की तैयारियों के चलते आमिर खान ने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स से कुछ समय का ब्रेक लिया हुआ है। लेकिन शादी के बाद वह जल्द ही काम पर लौटेंगे।
खबरों के अनुसार, आमिर अपनी वापसी के साथ निर्देशक राजकुमार हिरानी की चर्चित फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के संभावित सीक्वल पर काम शुरू कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी पर तेजी से काम चल रहा है और इसमें रैंचो, फरहान और राजू की मिड-लाइफ चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
25 साल पुरानी है आमिर और गौरी की कहानी
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले दोस्तों के जरिए हुई थी। उस समय दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हुई, लेकिन जीवन की व्यस्तताओं के कारण उनका संपर्क धीरे-धीरे टूट गया।
करीब 23-24 साल बाद आमिर की कजिन नुजहत खान की मदद से दोनों फिर से मिले। इस मुलाकात ने पुराने रिश्ते को नई शुरुआत दी। पिछले दो वर्षों से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब उन्होंने अपने रिश्ते को शादी के मुकाम तक पहुंचाने का फैसला किया है।

