Entertainment News: रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ खत्म हो चुका है, लेकिन इसके कई कंटेस्टेंट्स अब भी चर्चा में बने हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला बटोर रही हैं। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे खुलासे किए, जिनकी काफी चर्चा हुई। अब शो से बाहर आने के बाद दिए इंटरव्यू में उन्होंने तलाक, अपनी पहचान और शो में लगाए गए आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी।
‘शो ने मेरी असली पहचान दुनिया के सामने रखी’
आकांक्षा का कहना है कि ‘लॉकअप 2’ उनके लिए सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं था, बल्कि खुद को समझने और लोगों के सामने अपनी असली पहचान रखने का मौका भी था। उनके मुताबिक, शो के दौरान उनके व्यक्तित्व के कई पहलू सामने आए और उन्होंने बिना किसी दिखावे के खुद को पेश किया।
‘मैं कमजोर खिलाड़ी नहीं थी’
शो में कई बार उन्हें कमजोर खिलाड़ी कहा गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आकांक्षा ने कहा कि शुरुआत में माहौल ऐसा बना दिया गया था कि उन्हें भी अपने गेम पर शक होने लगा था। लेकिन जब उन्होंने शो को बाहर आकर देखा तो उन्हें महसूस हुआ कि उन्होंने हर टास्क पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ खेला था।उनका कहना है कि ट्रॉफी भले ही उनके नाम नहीं हुई, लेकिन दर्शकों का प्यार उन्हें जरूर मिला।
तलाक पर क्या बोलीं आकांक्षा?
आकांक्षा ने शो में खुलासा किया था कि उनकी और अभिनेता गौरव खन्ना की शादी खत्म होने की प्रक्रिया में है। इस पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने यह बात सिर्फ पब्लिसिटी और टीआरपी के लिए कही।
इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति सिर्फ लोकप्रियता पाने के लिए अपनी निजी जिंदगी को इस तरह सार्वजनिक नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि शो में जाने से पहले ही कानूनी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी और अब केवल अंतिम औपचारिकताएं बाकी हैं।
‘हम अलग हो रहे हैं, लेकिन दुश्मन नहीं हैं’
आकांक्षा ने यह भी साफ किया कि तलाक का मतलब दुश्मनी नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे और गौरव एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखते हैं और उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि दोनों के रिश्ते में कड़वाहट है।
गौरतलब है कि दोनों की शादी साल 2016 में हुई थी और लंबे समय तक उन्हें टीवी इंडस्ट्री के पसंदीदा कपल्स में गिना जाता था।
बायसेक्शुअल होने पर भी की खुलकर बात
‘लॉकअप 2’ के दौरान आकांक्षा ने यह भी बताया था कि वह बायसेक्शुअल हैं। इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इस बारे में उनके माता-पिता को पहले जानकारी नहीं थी और शो के जरिए ही उन्हें इसका पता चला। हालांकि उन्होंने इस विषय पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं की, लेकिन इतना जरूर कहा कि अब वह अपनी पहचान छिपाकर नहीं जीना चाहतीं।आकांक्षा के इन बेबाक बयानों के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी और इंटरव्यू की चर्चा तेज हो गई है।

