BCS Ratna Awards: सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित संस्कार टीवी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित BCS Ratna Awards 2025-26 में चैनल को दो महत्वपूर्ण श्रेणियों में सम्मानित किया गया। भारतीय ब्रॉडकास्टिंग, कंटेंट और सोशल मीडिया इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाने वाले इन पुरस्कारों में संस्कार टीवी को ‘Best Religious Channel’ का अवॉर्ड मिला, जबकि संस्कार ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मनोज त्यागी को ‘Outstanding Contribution to Spiritual & Devotional Broadcasting’ सम्मान से नवाजा गया।
सम्मान पर मनोज त्यागी ने जताया आभार
अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद संस्कार ग्रुप के CEO मनोज त्यागी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हर सम्मान संस्था की जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि BCS Ratna Awards 2025-26 से मिला यह सम्मान पूरी टीम के लिए प्रेरणा का स्रोत है और भविष्य में और अधिक समर्पण, गुणवत्ता तथा ईमानदारी के साथ कार्य करने का उत्साह देगा।
उन्होंने संस्कार टीवी के दर्शकों, संत-महात्माओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और निरंतर सहयोग की बदौलत ही यह उपलब्धि हासिल हो सकी है।
2010 से हो रहा है पुरस्कारों का आयोजन
BCS Ratna Awards का आयोजन आविष्कार मीडिया समूह द्वारा वर्ष 2010 से किया जा रहा है। इन पुरस्कारों के माध्यम से भारतीय ब्रॉडकास्टिंग, टेलीविजन डिस्ट्रीब्यूशन, डिजिटल कंटेंट, सोशल मीडिया और मीडिया टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों और पेशेवरों को सम्मानित किया जाता है। मीडिया उद्योग में गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह मंच हर वर्ष देश के प्रमुख मीडिया संगठनों को सम्मानित करता है।
आध्यात्मिक प्रसारण में बनाई मजबूत पहचान
संस्कार टीवी पिछले कई वर्षों से धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश-विदेश के करोड़ों दर्शकों तक भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश पहुंचा रहा है। चैनल ने आध्यात्मिक प्रसारण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। BCS Ratna Awards 2025-26 में मिले ये दोनों सम्मान इस बात का प्रमाण हैं कि संस्कार टीवी ने आध्यात्मिक कंटेंट और प्रसारण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए दर्शकों का भरोसा लगातार कायम रखा है।

