NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चर्चा बटोरने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब एक नए मुद्दे के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि अब उनका अगला बड़ा अभियान बेरोजगारी के खिलाफ होगा। उनका कहना है कि रोजगार की कमी देश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
कोर टीम की बैठक में बनी नई रणनीति
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में हुई CJP की कोर टीम की बैठक के बाद अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, प्रवक्ता आशुतोष रांका और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
बेरोजगारी और शिक्षा सुधार पर रहेगा फोकस
दीपके का कहना है कि सिर्फ परीक्षा प्रणाली में सुधार ही काफी नहीं है। उनके मुताबिक शिक्षा धीरे-धीरे महंगी होती जा रही है और यह एक व्यवसाय का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा को अधिक सुलभ और रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम करना चाहती है।
उन्होंने यह भी बताया कि देश की करीब 60 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में युवाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देना जरूरी है।
‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान होगा शुरू
अभिजीत दीपके ने बताया कि अगले महीने CJP पूरे देश में ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से एक अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत पार्टी विभिन्न राज्यों में जाकर लोगों से सीधे बातचीत करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि आम जनता किन समस्याओं का सामना कर रही है और सरकार से उनकी क्या उम्मीदें हैं।
NEET आंदोलन का भी किया जिक्र
दीपके ने कहा कि NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन ने युवाओं की आवाज को मजबूत किया। उनके अनुसार इस आंदोलन ने यह दिखाया कि संगठित होकर छात्र और युवा अपनी बात प्रभावी तरीके से सरकार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने इसे आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब पार्टी रोजगार, शिक्षा और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी इसी तरह देशव्यापी अभियान चलाएगी।

