LPG Subsidy Rules: रसोई गैस यानी LPG को लेकर 2026 में कई बदलाव हुए हैं। अब सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग से जुड़ा एक और अहम नियम लागू होने जा रहा है। नए नियम के तहत 1 अक्टूबर 2026 से बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना जरूरी होगा। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें सिलेंडर बुक करने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
करीब 27.43 करोड़ उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में करीब 89.9 प्रतिशत यानी 27.43 करोड़ लोग अपना बायोमेट्रिक आधार सत्यापन करा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को दोबारा वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी और वे सामान्य तरीके से LPG बुक कर सकेंगे।
वहीं करीब 2.47 करोड़ उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है। इन ग्राहकों को बुकिंग के दौरान आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं वेरिफिकेशन
जिन ग्राहकों ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, वे LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए सत्यापन करा सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर या संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के ऐप से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
Indane ग्राहक IndianOil ONE, Bharatgas ग्राहक HelloBPCL और HP Gas ग्राहक HP PAY ऐप के जरिए आधार वेरिफिकेशन कर सकते हैं।
बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर भी मिलेगा
जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराना चाहते, वे बिना सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर ले सकते हैं। इसके लिए डिजिटल चैनल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के जरिए अपनी पसंद दर्ज करनी होगी। ऐसे ग्राहकों को बाजार मूल्य पर सिलेंडर मिलेगा।

